शहडोल (संवाद)। संभागीय मुख्यालय शहडोल की महत्वपूर्ण और पूरे संभाग भर में सबसे बड़ी नगर पालिका शहडोल में जिस कदर कांग्रेस पार्टी की परिषद बनी है और बीजेपी पार्टी की जीती हुई बाजी धराशाई हो गई है। कांग्रेस इसे एक बड़ी उपलब्धि मानकर चल रही है। शहडोल नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी की परिषद की अप्रत्याशित जीत के बाद अब 7 नवम्बर को शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के पीसीसी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के शामिल होने की जानकारी मिली है।
दरअसल 39 सीटों वाली नगर पालिका परिषद शहडोल में हुए चुनाव के बाद आये नतीजों में भाजपा सबसे बड़ी और प्रमुख पार्टी साबित हुई थी। 39 वार्डों में से भाजपा के 18 पार्षदों ने जीत हासिल की थी। वही कांग्रेस पार्टी महज 12 सीटों में सिमट कर रह गई थी। इसके अलावा 9 पार्षद निर्दलीय के रूप में विजयी हुए थे। जिसमें भाजपा से नाराज और बागी हुए प्रत्याशियों की संख्या भी अधिक रही है बावजूद इसके भाजपा परिषद बनाने से पीछे रह गई। वहीं कांग्रेस के द्वारा नगर पालिका शहडोल में अध्यक्ष का चुनाव जीतकर भाजपा को चारों खाने चित्र कर दिया है।
बता दे कि शहडोल में गुटबाजी के चलते भाजपा के नेताओं में विरोधाभास पनप रहा था जिसमें एक गुट के द्वारा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बनाये जाने के लिए एक अलग नाम का प्रस्ताव रखा गया जबकि दूसरे गुट के द्वारा भी एक दूसरे नाम को लेकर सियासत की जा रही थी, और अंततः वही हुआ भाजपा संगठन में दूसरे गुट के उम्मीदवार को पार्टी के द्वारा नॉमिनेट कर दिया गया। जिसके कारण एक गुट नाराज हो गया और जीती हुई बाजी भाजपा के हाथ से फिसल गई। इस पूरे मामले में सबसे प्रमुख बात यह रही कि भाजपा पार्टी ने जिसे अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया था उनके लिए स्थानीय भाजपा पदाधिकारी और पार्षदों में एक राय नहीं बन सकी। फलस्वरूप निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को छोड़ कांग्रेस के उम्मीदवार की तरफ जाते दिखाई दिए।
जिसके बाद संभागीय मुख्यालय शहडोल में नगर पालिका के अध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। जिसे कांग्रेस अब बड़ी उपलब्धि मानकर चल रही है और यही वजह है कि मध्य प्रदेश के पीसीसी चीफ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की मौजूदगी में आगामी 7 अक्टूबर को भव्य शपथ ग्रहण कराने का निर्णय लिया गया है। जिसमें प्रदेश के यह दोनों बड़े नेता के शामिल होने की जानकारी मिली है।