9 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
भोपाल। ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही के मामले में झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्तव्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले में जवाबदेही तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इन पर हुई कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाया गया है। इसके अलावा झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहले ही मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
घायलों का नि:शुल्क उपचार
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए हैं।
बोले CM- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कर्तव्य में लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।