पटवारी संघ ने एसडीएम पर लगाया जबरन काम कराने का आरोप, साथियों की रिहाई के लिए थाने पहुंचा संघ
हीरा विश्वकर्मा, कटनी। स्वामित्व योजना को लेकर बहोरीबंद में पटवारी संघ और प्रशासन के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। पटवारी संघ ने बहोरीबंद एसडीएम श्लोक वायकर पर चार पटवारियों को कथित तौर पर रोककर रखने और उनकी इच्छा के विरुद्ध काम कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पटवारी संघ के पदाधिकारी पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत आवेदन देकर हस्तक्षेप की मांग की है।
पटवारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नवीन गर्ग के अनुसार, स्वामित्व योजना को लेकर संगठन की शासन स्तर पर बातचीत चल रही है। संघ का कहना है कि ऐसे में विरोध के बीच पटवारियों से जबरन काम कराया जाना उचित नहीं है। संघ ने आरोप लगाया कि बहोरीबंद एसडीएम द्वारा चार पटवारियों को कथित तौर पर कार्यालय में रोककर रखा गया और उन्हें काम करने के लिए कहा गया।
दोपहर से शाम तक रोके रखने का दावा
संघ अध्यक्ष के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे से चार पटवारियों को रोके जाने का घटनाक्रम शुरू हुआ। शाम तक उन्हें रिहा नहीं किए जाने का दावा संघ की ओर से किया गया। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पटवारियों के निजी मोबाइल फोन भी एसडीएम द्वारा अपने पास रख लिए गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पटवारी संघ के पदाधिकारी बहोरीबंद थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायत आवेदन सौंपकर कथित तौर पर रोके गए पटवारियों को तत्काल रिहा कराने तथा मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
प्रशासन का पक्ष आना बाकी
स्वामित्व योजना को लेकर पहले से चल रहे विरोध के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने प्रशासन और पटवारी संघ के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। हालांकि, चार पटवारियों को वास्तव में किस परिस्थिति में रोका गया और उनके मोबाइल फोन लिए जाने के संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।