जबलपुर। शहर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने एक महिला को रियल एस्टेट कारोबारी से 2.50 लाख रुपये की पहली किस्त लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी से 20 लाख रुपये की मांग कर रही थी।
सोशल मीडिया से हुई दोस्ती, फिर बढ़ी नजदीकियां
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला पूजा रेदास (28) उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली की निवासी है। उसकी पहचान ग्वारीघाट निवासी कारोबारी सार्थक सिंह (34) से वर्ष 2025 में सोशल मीडिया और एक डांस कार्यक्रम के दौरान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में नजदीकियां बढ़ गईं।
8 लाख की मदद, फिर शादी का दबाव
शिकायतकर्ता सार्थक सिंह का आरोप है कि पूजा ने पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर उससे कई बार आर्थिक सहायता ली और अब तक करीब 8 लाख रुपये ले चुकी थी। इसके बाद वह पत्नी को तलाक देकर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इंकार करने पर पहले 2.20 लाख और फिर 20 लाख रुपये की मांग करते हुए झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। बाद में दोनों के बीच 7 लाख रुपये में समझौते की बात तय हुई।
होटल में पुलिस ने बिछाया जाल
18 सितंबर को मिली शिकायत के बाद पुलिस ने योजना बनाकर महिला को गोपालबाग स्थित कदम ट्री होटल बुलवाया। रविवार को कारोबारी 2.50 लाख रुपये लेकर होटल पहुंचा। जैसे ही महिला रकम लेकर बाहर निकली, सिविल ड्रेस में तैनात पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। उसके बैग से पूरी 2.50 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली गई।
तीन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
कोतवाली थाना पुलिस ने पूजा रेदास के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308(2), 308(6) और 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Katni News: स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा, 16 युवक-युवती पुलिस हिरासत में