मां ने ममता में खोली बेटे की रस्सी,उसी बेटे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार,दिल दहला देने वाली घटना में चली गई 4 लोगों की जान

Editor in cheif
4 Min Read

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां की ममता ही उसके लिए काल बन गई। ग्रामीणों द्वारा रस्सियों से बांधे गए बेटे को मां ने भरोसा कर आजाद कर दिया, लेकिन आजाद होते ही बेटे ने डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना और नानी की हत्या कर दी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल पांच साल की मासूम बच्ची ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायल अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

मां ने बेटे को बंधनमुक्त किया, तो उसी ने कर दिया हमला

यह हृदयविदारक घटना अनूपपुर जिले के करन पठार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरई चौकी के गिजरी पंचायत के अमोदा गांव की है। जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय प्रेम सिंह गोंड को किसी कारणवश ग्रामीणों ने रस्सियों से बांधकर रखा था। सुबह जब उसकी मां अनूपिया बाई ने बेटे को बंधा हुआ देखा, तो ममता के वशीभूत होकर उसकी रस्सियां खोल दीं। मां को उम्मीद नहीं थी कि जिस बेटे को वह बंधन से मुक्त कर रही है, वही उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा। रस्सियां खुलते ही प्रेम सिंह ने घर में रखा डंडा उठा लिया और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने अपनी मां अनूपिया बाई, नाना और नानी को मौत के घाट उतार दिया।

बचाने पहुंचे मामा और बेटियों पर भी किया हमला

घर में अचानक मची चीख-पुकार सुनकर आरोपी के मामा और उनकी दो बेटियां परिजनों को बचाने के लिए दौड़े। लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे तीनों सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया।

पांच साल की मासूम ने भी तोड़ा दम, मृतकों की संख्या चार

इस हमले में गंभीर रूप से घायल पांच साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका। बच्ची की मौत के बाद इस घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मृतकों में आरोपी की मां, नाना, नानी और पांच साल की मासूम बच्ची शामिल हैं। वहीं, अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही करन पठार थाना पुलिस और सरई चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेम सिंह गोंड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *