कटनी। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों पर रविवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। नेचरल हाई स्पा सेंटर और आवां स्पा सेंटर से कुल 16 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने लाया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, कुछ टैबलेट और शराब की बोतलें भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई। टीम में डीएसपी शिवा पाठक, महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर सहित पुलिस बल शामिल रहा।
पुलिस के अनुसार, नेचरल हाई स्पा सेंटर से 5 युवक और 5 युवतियां मिलीं, जबकि आवां स्पा सेंटर में 5 युवतियों के साथ एक पुरुष मौजूद था। दोनों सेंटरों से बरामद सामग्री को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि स्पा सेंटरों में कार्यरत युवतियां मध्यप्रदेश के अलावा अन्य राज्यों की भी हैं। पुलिस संचालकों व मालिकों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस छापे में यूज्ड कंडोम और पैकेट बरामद