भोपाल। नेपाल की रहने वाली दो सगी बहनें अपने लापता पिता की तलाश में करीब 1400 किलोमीटर दूर से भोपाल पहुंची हैं। दोनों बहनें पिछले 4-5 दिनों से पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर अपने पिता को खोज रही हैं। उनका कहना है कि जब तक पिता का पता नहीं चल जाता, वे वापस नेपाल नहीं जाएंगी।
18 वर्षीय भूमिका और 24 वर्षीय अनुजा कार्की के पिता तेज बहादुर कार्की 26 जुलाई को अपने भाई और एक रिश्तेदार के साथ काम की तलाश में घर से निकले थे। वे ट्रेन से पुणे जा रहे थे। इसी दौरान इटारसी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में किसी व्यक्ति से उनका विवाद हो गया। इसके बाद तेज बहादुर ट्रेन से उतर गए। ट्रेन से उतरने के बाद से उनका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है।
सड़क पर सियासत! इंफ्लुएंसर लीला साहू का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, लगाए गंभीर आरोप
परिजनों ने 1 अगस्त को इटारसी थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इसके बाद दोनों बेटियों ने खुद पिता की तलाश करने का फैसला किया और नेपाल से भोपाल पहुंच गईं।
भोपाल में दोनों का कोई रिश्तेदार या परिचित नहीं है। उनके यहां पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद नेपाली समाज ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। समाज की ओर से दोनों बहनों के रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही पिता की तलाश के लिए रेलवे पुलिस के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है।
पोस्टर छपवाकर की तलाश, 5 हजार का इनाम
पिता को ढूंढने के लिए दोनों बहनों ने उनके फोटो वाले पोस्टर भी छपवाए हैं। पोस्टर में पिता की जानकारी के साथ उनका पता बताने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।नेपाली समाज के अध्यक्ष लोकमनी शर्मा ने बताया कि दोनों बहनें 8-9 सितंबर के आसपास नेपाल से भोपाल पहुंची थीं। समाज ने उनके रहने की व्यवस्था की है और पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर पिता की तलाश में हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। दोनों बेटियों की एक ही गुहार है—“हमें हमारे पापा से मिला दो।”
शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का पति नरेंद्र मरावी से तलाक, 9 साल बाद हुआ कानूनी अलगाव