सीधी। गांव की बदहाल सड़क को लेकर चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू ने ग्रामीणों के साथ आंदोलन शुरू कर दिया है। खड्डी से बगैहा तक करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण दो साल से अधूरा होने के विरोध में लीला साहू अपने गांव खड्डी में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं। उनके साथ आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीण भी धरने में शामिल हैं। ग्रामीणों ने मौके पर टेंट-पंडाल लगाकर प्रदर्शन शुरू किया है।
5 किलोमीटर सड़क बनी, बाकी काम अधूरा
लीला साहू के मुताबिक खड्डी से बगैहा तक सड़क की लंबाई करीब 10 किलोमीटर है। इसमें खड्डी से गजरी तक करीब 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो चुका है, लेकिन इसके आगे का काम लंबे समय से रुका हुआ है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दो विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ा मामला
लीला साहू ने आरोप लगाया कि यह सड़क धौहनी और चुरहट विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरती है। उनका दावा है कि धौहनी विधानसभा क्षेत्र की ओर सड़क का काम पूरा कर दिया गया, जबकि चुरहट क्षेत्र की तरफ निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। इसी को लेकर उन्होंने भेदभाव और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ धरना शुरू किया है। बची हुई सड़क चुरहट विधानसभा क्षेत्र में आती है, जहां कांग्रेस नेता अजय सिंह विधायक हैं।
शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का पति नरेंद्र मरावी से तलाक, 9 साल बाद हुआ कानूनी अलगाव
ग्रामीण मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं लीला साहू
सीधी जिले की रहने वाली लीला साहू ग्रामीण जीवन और बघेली भाषा में बनाए जाने वाले वीडियो के लिए सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर उनके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं। अपने सहज ग्रामीण अंदाज के साथ-साथ वह स्थानीय समस्याओं को भी सोशल मीडिया के जरिए उठाती रही हैं। अब सड़क निर्माण को लेकर शुरू किया गया उनका यह धरना चर्चा में है।