बीते दिनो बिहार के समस्तीपुर में AC First Class में यात्रा के दौरान दो बड़े सूटकेस में कथित रूप से शराब ले जाने के मामले में गिरफ्तार की गई युवती नेहा झा के संबंध में अब पुलिस और जांच एजेंसियां उसके परिवार से जुड़े पुराने मामलों और संभावित शराब तस्करी नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान युवती के सामान से करीब 75 लीटर शराब बरामद की गई।
जानकारी के मुताबिक, एसी फर्स्ट क्लास के एक कूपे में युवती अपने जीजा के साथ यात्रा कर रही थी। बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन समस्तीपुर स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आधार पर कूपे की जांच कराई। तलाशी के दौरान वहां रखे दो बड़े सूटकेसों को खुलवाया गया।जांच एजेंसियों के अनुसार, सूटकेस की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 75 लीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पूरी तलाशी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
बताया गया कि जांच के दौरान युवती ने कार्रवाई को लेकर टीम से लगातार सवाल-जवाब किए। हालांकि, अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत तलाशी और जब्ती की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए युवती को गिरफ्तार कर लिया गया।
परिवार से जुड़े पुराने मामलों की भी हो रही पड़ताल
नेहा झा की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अब उसके परिवार के पुराने मामलों की जानकारी भी जुटा रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसके पिता पूर्व में शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में जेल जा चुके हैं। वहीं उसकी बड़ी बहन निशु झा के भी कथित रूप से शराब के साथ पकड़े जाने का मामला सामने आया था।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वर्तमान मामले का किसी पुराने नेटवर्क या शराब की आपूर्ति करने वाले संगठित तंत्र से कोई संबंध है या नहीं। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
कई बिंदुओं पर जांच जारी
मामले में गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस यात्रा से जुड़े दस्तावेजों, संपर्कों और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले और कथित नेटवर्क को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, समस्तीपुर स्टेशन पर एसी फर्स्ट क्लास के कूपे से बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है।