‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद भक्ति फिल्मों पर बढ़ा बॉलीवुड का भरोसा, लगातार हो रही नई फिल्मों की घोषणा

Editor in cheif
3 Min Read

मुंबई। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद बॉलीवुड में धार्मिक और भक्ति आधारित फिल्मों को लेकर निर्माताओं की दिलचस्पी बढ़ती नजर आ रही है। बीते कुछ दिनों में कई ऐसी फिल्मों की घोषणा हुई है, जिनकी कहानियां भगवान, संतों और धार्मिक आस्था से जुड़ी हैं। इनमें खाटू श्याम बाबा, तुलसीदास, साईं बाबा और भगवान कृष्ण से जुड़ी कहानियां शामिल हैं।

खाटू श्याम बाबा पर बनेगी फिल्म

‘हारे के सहारे खाटू श्याम हमारे’ नाम से एक फिल्म की घोषणा की गई है। फिल्म की कहानी खाटू श्याम बाबा की महिमा और उनके प्रति श्रद्धालुओं की आस्था के इर्द-गिर्द होगी।

तुलसीदास की कहानी पर दो फिल्में

महाकवि तुलसीदास के जीवन पर भी फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘पृथ्वीराज’ का निर्देशन कर चुके डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ‘राबोला’ नाम की फिल्म लेकर आ रहे हैं। इसके अलावा ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी भी तुलसीदास पर आधारित एक फिल्म बनाने की तैयारी में हैं।

तेरा साई’ में दिखेगी साईं बाबा की कहानी

अगले साल संजय मिश्रा और पलाश मुच्छल की ‘तेरा साई’ रिलीज होने की तैयारी है। फिल्म में साईं बाबा के जीवन और उनकी आस्था से जुड़े पहलुओं को पर्दे पर दिखाया जाएगा। साईं बाबा पर पहले भी फिल्में और टीवी सीरियल बन चुके हैं।

सात हिस्सों में बनेगी ‘श्रीमद्भागवतम्’

धार्मिक फिल्मों की इस कड़ी में ‘श्रीमद्भागवतम्’ भी शामिल है। इसे सात भागों में बनाए जाने की घोषणा हुई है। इसके पहले भाग ‘श्रीमद्भागवतम् पार्ट I: विष्णुरत’ का टीजर पोस्टर भी जारी किया जा चुका है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के हाथ की झलक दिखाई गई है।

हनुमान अंश’ का सीक्वल भी तैयार

हनुमान अंश’ की सफलता के बाद इसके अगले भाग की भी घोषणा की जा चुकी है। फिल्म के दूसरे भाग में नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन पर अधिक फोकस किए जाने की बात सामने आई है।

कृष्णावतारम’ का भी आएगा दूसरा भाग

इसी साल रिलीज हुई ‘कृष्णावतारम पार्ट 1’ को भी दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म की सफलता के बाद निर्माताओं ने इसके दूसरे भाग की घोषणा कर दी है।

इस तरह कम समय में लगातार कई धार्मिक फिल्मों की घोषणा से साफ है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में पौराणिक और भक्ति कथाओं पर आधारित फिल्मों को लेकर नया उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले समय में इनमें से कौन-सी फिल्म दर्शकों के बीच अपनी जगह बना पाती है, यह रिलीज के बाद ही पता चलेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *