घायल की जान बचाने वाले राह-वीर सरपंच गोविंद प्रसाद गौतम सम्मानित

Editor in cheif
2 Min Read

उमरिया (संवाद)। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर सहायता पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले ग्राम पठारी के सरपंच गोविंद प्रसाद गौतम को परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए उनके साहसिक, मानवीय और प्रेरणादायी कार्य की सराहना की।

मिली जानकारी के मुताबिक 16 नवंबर 2025 को हुई एक सड़क दुर्घटना में एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान सरपंच गोविंद प्रसाद गौतम ने तत्परता दिखाते हुए घायल अधिकारी को तत्काल निकटतम अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने की व्यवस्था कराई। समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी।

उनकी इस संवेदनशील और सराहनीय पहल को देखते हुए परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश ने उन्हें “राह-वीर” सम्मान से नवाजा। साथ ही राहवीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी स्वीकृत की गई है। प्रशस्ति पत्र में उनके इस मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी जनसेवा और मानवता के कार्यों में इसी तरह योगदान देने की अपेक्षा व्यक्त की गई है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ा मानवीय कर्तव्य है। गोल्डन ऑवर के दौरान मिली सहायता किसी भी व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे उदाहरण दूसरों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे उपस्थित रही।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *