उमरिया। रॉबर्टसन कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, उमरिया के परिसर में 13 अगस्त 2026 को 32वीं इन्वेस्टिचर सेरेमनी (अलंकरण समारोह) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आस्था, संस्कार, श्रद्धा एवं विश्वास—चारों सदनों के विद्यार्थियों को सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद की विभिन्न जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। प्रत्येक सदन में एक छात्र एवं एक छात्रा को कप्तान नियुक्त करने के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अनुशासन से संबंधित विभिन्न दायित्वों के लिए विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस वर्ष विद्यालय प्रबंधन द्वारा चारों सदनों में महिला प्रशासिका शिक्षिकाओं की नियुक्ति की गई, जो विद्यालय की ओर से महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक शर्मा सहित भाजपा जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री आशुतोष अग्रवाल, वरिष्ठ नेता श्री मिथिलेश पयासी, श्री दीपक छतवानी, श्री धनुषधारी सिंह, श्री सुमित गौतम एवं श्री दिवाकर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपनारायण सोनी, श्री संजय तिवारी (मजिस्ट्रेट, जुवेनाइल कोर्ट), श्री कौशल विश्वकर्मा ,श्री अरुण त्रिपाठी एवं श्री राकेश दर्दवंशी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री आलोक शर्मा ने विद्यालय गीत के साथ ध्वजारोहण कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की। विद्यालय के संचालक श्री विश्वजीत पाण्डेय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्य अतिथि श्री आलोक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में मिले संस्कार डीएनए की तरह जीवनभर व्यक्ति के साथ रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान नवनियुक्त छात्र परिषद के पदाधिकारियों को उनके पद की गरिमा, कर्तव्यों एवं अनुशासन का पालन करने की शपथ दिलाई गई। चारों सदनों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और गरिमा के साथ समारोह में सहभागिता की।
यह अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।