उमरिया। जिले के ताला बांधवगढ़ स्थित नेचर हेरिटेज रिसोर्ट में दो दिवसीय जिला स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कई नवाचार दिखाई दिए, जिसके कारण प्रशिक्षण में शामिल अपेक्षित कार्यकर्ता और तमाम विषयों को लेकर व्याख्यान देने आए अतिथियों ने जमकर सराहना की है।
दरअसल भारतीय जनता पार्टी उमरिया के द्वारा बांधवगढ़ में स्थित नेचर हेरिटेज रिसोर्ट में दो दिवसीय जिला स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 25 और 26 मई को किया गया था। जिसमें समस्त जिला कार्यकारिणी की टीम, समस्त मंडलों के मंडल अध्यक्ष और महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठों के अध्यक्ष संयोजक महामंत्री, समस्त पूर्व जिला अध्यक्ष, जन प्रतिनिधिग सहित एन अपेक्षित कार्यकर्ताओं का 2 दिनों का आवासीय प्रशिक्षण वर्ग रहा है।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग को 12 सत्रों में विभाजित किया गया था और इन सभी सत्रों के विषयों पर व्याख्यान देने बाहर से अतिथि के रूप वरिष्ठ भाजपा नेता पहुंचे हुए थे। इस दौरान सभी ने देखा कि भारतीय जनता पार्टी जिला उमरिया की टीम ने अपने कई वर्षों पुराने भाजपा के कार्यकर्ता जो अब इस दुनिया में नहीं है, उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक स्टॉल लगाया जिसमें लगभग सभी मृत कार्यकर्ताओ की फोटो लगाई गई थी जिन्हें सभी अतिथिगण और प्रशिक्षण में शामिल लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि कई कार्यकर्ताओ की मृत्यु 20 से 25 साल पहले हो चुकी थी उनकी तस्वीर एकत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन उनके परिजनों और इष्ट मित्रों से संपर्क कर यह सब कुछ संभव हो पाया। तब जाकर प्रशिक्षण वर्ग के दौरान दिवंगत हो चुके कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम सफल हो पाया। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मृत कार्यकर्ताओं के परिवार से संपर्क लगभग खत्म हो चुका था, लेकिन तस्वीर के बहाने उनके परिजनों से बातचीत के दौरान उनका हाल-चाल लेकर संबंधों में नया जुड़ाव हुआ है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और उनके परिवार को कभी नहीं भूलती और हमेशा से पार्टी की रीति और नीति यही रही है।
इसके अलावा प्रशिक्षण वर्ग को लेकर तैयारियो में भी कोई कमी नहीं रही। सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं और अतिथि गणों के लिए चाय नाश्ता,खाना पीना और ठहरने की बेहतर व्यवस्था करने के साथ सभी को एक साथ बैठाकर भोजन परोसकर भोजन कराया गया जिसमें मंत्री विधायक वरिष्ठ नेतागण और कार्यकर्ताओ ने एक साथ भोजन किया। यही वजह है कि सभी लोगों ने प्रशिक्षण वर्ग के दौरान जहां वर्षों पहले दिवंगत हो चुके भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने के नवाचार की भूरि भूरि प्रशंसा की, वहीं प्रशिक्षणार्थियो और वर्ग में आने वाले अतिथि गणों के लिए तमाम सारी बेहतर व्यवस्थाएं देखकर सभी ने भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल और उनकी पूरी टीम की जमकर सराहना की है।
