उमरिया,। जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थान आर.सी. हायर सेकेंडरी स्कूल, उमरिया में सोमवार को 33वें चिल्ड्रन्स फन फेयर एवं फूड स्टॉल मेले का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग माहौल, आकर्षक फूड स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजनों और बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। मेले में बड़ी संख्या में नगरवासी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए, जिससे विद्यालय परिसर खचाखच भरा रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आशुतोष अग्रवाल तथा अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मिथिलेश पयासी ने की। इस अवसर पर श्री धनुषधारी सिंह, श्री दिवाकर सिंह, श्री दीपक छतवानी, श्री ज्ञानेन्द्र सिंह गहरवार, श्री राकेश शर्मा, श्री चंद्रप्रकाश द्विवेदी, श्री सुमित गौतम, श्री सुनील गुप्ता, श्री अमित सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री आशुतोष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक शर्मा, सहायक आयुक्त श्रीमती पूजा द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार श्री संतोष गुप्ता, श्री दीपनारायण सोनी, श्री कौशल विश्वकर्मा, श्री राकेश दर्दवंशी, श्री अरुण त्रिपाठी एवं श्री दीपम दर्दवंशी की विशिष्ट उपस्थिति रही। अतिथियों ने संयुक्त रूप से बाल मेले का उद्घाटन किया।

विद्यालय प्रमुख श्री विश्वजीत पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आर.सी. स्कूल विगत 33 वर्षों से उमरिया, चंदिया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पाठ्य सहगामी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय प्रतिवर्ष बाल मेले का आयोजन करता है।मुख्य अतिथि श्री आशुतोष अग्रवाल ने संस्था प्रमुख श्री विश्वजीत पाण्डेय एवं विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ शिक्षा एवं सामाजिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।
मेले में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल एवं मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ स्टॉल का संचालन किया। मेले की विशेष उपलब्धि यह रही कि विद्यार्थियों ने अपने फूड स्टॉल एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से लगभग आठ लाख पचपन हज़ार तीन सौ रुपये का कारोबार किया। इस दौरान बच्चों ने खरीद-बिक्री, ग्राहकों से संवाद, आर्थिक लेन-देन एवं टीम प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। यह आयोजन विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, रचनात्मकता एवं उद्यमशीलता जैसे गुणों के विकास का प्रभावी माध्यम बना।

कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था, अनुशासित संचालन एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन विशेष रूप से सराहनीय रहा। आयोजन की सफलता का संयुक्त श्रेय विद्यालय के डायरेक्टर श्री विश्वजीत पाण्डेय, उप-प्राचार्य श्री दीपक श्रीवास्तव के कुशल प्रबंधन, शिक्षकों के टीमवर्क, छात्र-छात्राओं की सहभागिता एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया गया।
मेले में उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रतिभा, खान-पान की विविधता और विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस प्रकार आर.सी. स्कूल का 33वां चिल्ड्रन्स फन फेयर उमरिया नगर के लिए यादगार आयोजन साबित हुआ।