लोकायुक्त जबलपुर की कार्रवाई, 25 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत
हीरा विश्वकर्मा कटनी। नगर निगम में एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया में जुट गई।
बैंक ऋण के लिए एनओसी की जरूरत
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर, पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण कार्य के लिए बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया के दौरान बैंक प्रबंधन ने नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा था। इसी सिलसिले में शिकायतकर्ता नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के संपर्क में आया था।
25 हजार रुपये की मांगी रिश्वत
आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में लिपिक द्वारा शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत लोकायुक्त जबलपुर से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
20 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देने के लिए भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी लिपिक को 20 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि बरामद की गई।
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले गई, जहां उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में लोकायुक्त की जांच जारी है।