MP। मंदसौर जिले के गरोठ के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल का गरोठ अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम से चार दोस्त कार से बांसवाड़ा के पास स्थित पर्यटक स्थल चाचाकोटा जा रहे थे। मंगलवार सुबह गरोठ के पास तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान उनकी कार एक्सप्रेस-वे पर चल रहे एक ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में हजारों लोगों का प्रदर्शन, लाठीचार्ज और आंसू गैस
हादसे में अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर, गुरुग्राम, बिंदर पुत्र जगत सिंह निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम और कैलाश दुलारा निवासी अलवर, राजस्थान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विजेंदर पुत्र हरपाल निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम घायल हो गए।
ट्रक की लाइट बंद होने का दावा
घायल विजेंदर ने बताया कि हादसे के समय तेज बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम थी। उनके अनुसार, आगे चल रहे ट्रक की पीछे की लाइट भी बंद थी। अंधेरे, बारिश और कम दृश्यता के कारण ट्रक का पिछला हिस्सा दिखाई नहीं दिया और कार उससे जा टकराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।