भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को देशभर के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा करते हुए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया। जारी सूची में मध्यप्रदेश को नया प्रभारी और सह-प्रभारी मिला है, वहीं प्रदेश के चार वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है।
भाजपा ने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को मध्यप्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं उत्तर प्रदेश की वरिष्ठ नेता रेखा वर्मा को मध्यप्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मध्यप्रदेश के इन चार नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी
भाजपा ने प्रदेश के चार नेताओं को अलग-अलग राज्यों का प्रभारी बनाकर संगठन में उनकी भूमिका और मजबूत की है।
कविता पाटीदार – राजस्थान प्रभारी
डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया – आंध्र प्रदेश प्रभारी
लाल सिंह आर्य – पश्चिम बंगाल प्रभारी
गजेन्द्र सिंह पटेल – झारखंड प्रभारी
कौन हैं नए मप्र प्रभारी बिप्लब कुमार देब?
बिप्लब कुमार देब भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्हें त्रिपुरा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उनके नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार त्रिपुरा में सरकार बनाई। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद वे राज्यसभा सदस्य भी रहे और वर्तमान में त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। अब उन्हें मध्यप्रदेश जैसे बड़े राज्य के संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
रेखा वर्मा को मिला सह-प्रभारी का दायित्व
रेखा वर्मा उत्तर प्रदेश की वरिष्ठ भाजपा नेता और पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वे दो बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं तथा इससे पहले उत्तराखंड की सह-प्रभारी के रूप में कार्य कर चुकी हैं। संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए भाजपा ने उन्हें मध्यप्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रदेश के नेताओं पर जताया भरोसा
लाल सिंह आर्य पश्चिम बंगाल प्रभारी
भिंड जिले के गोहद क्षेत्र से कई बार विधायक रह चुके हैं। वे मध्यप्रदेश सरकार में राज्य मंत्री भी रहे हैं और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है।
गजेन्द्र सिंह पटेल झारखंड प्रभारी
खरगोन (एसटी) लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। वे पहले भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और हाल ही में राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए थे। अब उन्हें झारखंड का प्रभारी बनाया गया है।
कविता पाटीदार राजस्थान प्रभारी
राज्यसभा सांसद हैं और इंदौर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं। महिला एवं ओबीसी वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राजस्थान का प्रभारी बनाया है।
डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया आंध्रप्रदेश प्रभारी
मध्यप्रदेश के पूर्व सहकारिता मंत्री हैं। वे भिंड जिले के ज्ञानपुरा के निवासी हैं और लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक तथा भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। अब उन्हें आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन को मजबूत करने की रणनीति
भाजपा का यह संगठनात्मक फेरबदल आगामी चुनावी तैयारियों और राज्यों में संगठन को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों को संबंधित राज्यों में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के समन्वय और चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मध्यप्रदेश के चार नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी को प्रदेश संगठन के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।