MP मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री के सामने बाइक सड़क किनारे खड़े कचरा वाहन से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में सूरज कुशवाह (18), उसकी भाभी नीरज कुशवाह (20) और दो बच्चे श्रीकांत (10) व राजकुमारी (8) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सूरज अपनी भाभी और दोनों बच्चों को मुरैना स्थित मायके से लेकर घर लौट रहा था।
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस टोल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की पहचान में जुटी है।