हर चौथा ग्राहक चुन रहा इलेक्ट्रिक कार, सीएनजी मॉडल्स की मांग भी बढ़ी
नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में टाटा मोटर्स ने अगस्त 2026 में बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने एक महीने में 67,753 पैसेंजर गाड़ियाँ बेचकर पिछले वर्ष की तुलना में करीब 56 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है।टाटा मोटर्स की बढ़ती बिक्री के पीछे इलेक्ट्रिक और सीएनजी गाड़ियों की बढ़ती मांग को प्रमुख कारण माना जा रहा है। कंपनी के पास ग्राहकों के लिए पेट्रोल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के कई विकल्प उपलब्ध हैं। टाटा पंच को पेट्रोल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक तीनों विकल्पों में खरीदा जा सकता है, जबकि नेक्सॉन और कर्व जैसे मॉडल भी बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहे हैं।
इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बढ़ी मांग
अगस्त महीने में टाटा मोटर्स ने 16 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन बेचे। कंपनी की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत रही। यानी टाटा की बिकने वाली लगभग हर चौथी कार इलेक्ट्रिक रही।नेक्सॉन ईवी और पंच ईवी जैसे मॉडल ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं। बेहतर रेंज, सुरक्षा फीचर्स और देश में बढ़ते चार्जिंग नेटवर्क के कारण इलेक्ट्रिक कारों की मांग लगातार बढ़ रही है।
सीएनजी मॉडल्स भी बने पसंद
टाटा मोटर्स की सीएनजी गाड़ियों की बिक्री में भी तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी की कुल बिक्री में सीएनजी वाहनों की हिस्सेदारी करीब 28 प्रतिशत तक पहुंच गई है।टियागो, टिगोर, पंच और अल्ट्रोज़ जैसे मॉडलों में सीएनजी विकल्प उपलब्ध हैं। कंपनी की ट्विन-सिलेंडर तकनीक के कारण सीएनजी कारों में डिक्की की पर्याप्त जगह भी मिलती है। वहीं कुछ सीएनजी मॉडल्स में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलने से शहरों में वाहन चलाने वाले ग्राहकों को भी सुविधा हो रही है।
टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक और सीएनजी गाड़ियों की बढ़ती लोकप्रियता से साफ है कि भारतीय ग्राहक अब पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों के साथ-साथ किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को तेजी से अपना रहे हैं।
कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में मिली कई खामियां, 3 को शोकाज नोटिस जारी