जिले के पलेरा अंतर्गत थाना क्षेत्र के खजरी चौकी अंतर्गत आने वाले गांव छेवला मे एक 50 वर्षीय अधेड़ महिला की गला रेत कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित करते हुए पड़ताल शुरू कर दी है। महिला की उसके पति के द्वारा गला रेतकर जघन्य हत्या को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया है।घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है।
घटना के संबंध में थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार छेवला गांव में 50 वर्षीय शीला अहिरवार की धारदार हथियार से गला रेतकर उसके पति के द्वारा हत्या कर दी गई। उक्त घटना की सूचना लगते ही स्थानीय खजरी चौकी पुलिस के द्वारा पलेरा थाना प्रभारी त्रिवेंद्र कुमार त्रिवेदी को सूचना दी गई। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी के द्वारा मौका स्थल का बारीकी से मुआयना किया गया। इसके साथ ही मौके पर पहुंची एफएसएल टीम में अपनी जांच पड़ताल प्रारंभ करते हुए साक्ष्य एकत्रित किए।
थाना प्रभारी त्रिवेंद्र कुमार त्रिवेदी ने बताया कि छेवला निवासी शीला अहिरवार उम्र 50 वर्ष की गले में चोट पहुंचाकर मृतका के पति मातादीन अहिरवार के द्वारा हत्या की गई है। मृतका का पति मातादीन अहिरवार घटना को अंजाम देकर फरार हो गया है, जिसकी पुलिस के द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मर्ग कायम करते हुए पुलिस के द्वारा आगामी कार्यवाही की जा रही हैं।