उमरिया, 8 अगस्त। रॉबर्टसन कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, उमरिया के लता मंगेशकर सभागार में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के क्षमता संवर्धन कार्यक्रम (CBP) के अंतर्गत ‘Promoting Mental Health and Well-being Among Students’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष धूप-दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। CBSE द्वारा नियुक्त रिसोर्स पर्सन श्री मनीष निगम, एवं श्रीमती रिनी जैन ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, विद्यार्थियों की भावनात्मक आवश्यकताओं की पहचान तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति शिक्षक की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विभिन्न गतिविधियों, समूह-कार्य एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण को रोचक, प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाया गया।
प्रातः 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं इंटरएक्टिव रहा तथा शिक्षकों को विद्यार्थियों की भावनात्मक एवं मानसिक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीना पांडे ने रिसोर्स पर्सन श्री मनीष निगम एवं श्रीमती रिनी जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य उनकी शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को शिक्षक अपने दैनिक शिक्षण कार्य में प्रभावी रूप से लागू करेंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक, संवेदनशील, सुरक्षित एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।