राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता में बजट का बंदरबांट करने रची जा रही है रणनीति?

Editor in cheif
3 Min Read

उमरिया (संवाद)। उमरिया जिले में आगामी 1 दिसंबर से राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता प्रारंभ होने जा रही है। यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर से 6 दिसंबर तक कराई जाएगी। लेकिन इस प्रतियोगिता में फुटबॉल का खेल प्रारंभ होने से पहले ही लाखों के बजट का बंदरबांट करने की रणनीति शुरू हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक विभाग के मुखिया और प्रतियोगिता जिम्मेदार के द्वारा संबंधित कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी देने के साथ उनसे अपनी हिस्सेदारी तय कर रहे हैं।

सूत्र बताते हैं कि इसके कुछ दिन पहले एक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें खेल विभाग से मिले बजट में भ्रष्टाचार किया गया था? उस दौरान जिम्मेदारों के ऊपर आरोप लगे थे कि बाहर से आए खिलाड़ियों को ना तो अच्छा भोजन उपलब्ध कराया गया और ना ही अच्छी व्यवस्था दी गई। प्रतियोगिता के दौरान जिले के मुखिया के भी खफा होने की जानकारी मिली थी, जिसके कारण जिले के मुखिया ने विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को फटकार भी लगाई थी? हालांकि इसके पीछे की क्या वजह रही है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी।

लेकिन 1 दिसंबर से होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की होगी जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी,इसलिए इस बार खेल विभाग ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग को लाखों रुपए का बजट उपलब्ध कराया है। इसी के साथ खेल विभाग ने बजट खर्च करने के लिए दिशा निर्देश भी तय किए हैं कि बजट को कहां और कैसे खर्च करना है। जबकि आयोजनकर्ताओं के द्वारा बजट का बंदरबांट करने के लिए एक अलग ही रणनीति बनाए जाने की पुख्ता जानकारी मिली है?

सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि पिछली प्रतियोगिता के दौरान कुछ खामियां सामने आई थी,उसे इस बार दुरुस्त किया जा रहा है। मुखिया भी नाराज ना हो इसका ध्यान रखा जा रहा है इसलिए उन्हें पहले ही राजी कर लिया गया है। रही बात दूसरे नंबर के मुखिया की तो उनकी भी फोटो छपाई जा रही है। बहरहाल आने वाले समय में इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए दिए गए बजट का लेखा-जोखा और बजट को खर्च करने के लिए दिए गए दिशा निर्देशों की जानकारी आप लोगों तक पहुंचाई जाएगी। देखना होगा इस बार जिम्मेदार आयोजनकर्ता बजट का बंदरबांट करने के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं.?

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *