उमरिया (संवाद)। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कल 8 फरवरी को उमरिया पहुंचेंगे। उनके सांथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया भी मौजूद रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता निजी जेट विमान द्वारा भोपाल से चल कर प्रात: 10.30 बजे उमरिया पहुंचेंगे। जहां से दिग्विजय द्वार, जय स्तंभ, गांधी चौक, मोहनपुरी, रमपुरी चौराहा होते हुए सर्किट हाऊस आयेंगे। यहां एक प्रेसवार्ता को संबोधित कर वे सामुदायिक भवन मे मण्डलम-सेक्टर की बैठक मे हिस्सा लेंगे। इसके उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री श्री नाथ एवं अजय सिंह राहुल भैया न्यू बस स्टेण्ड मे जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जन आक्रोष रैली मे शिरकत करेंगे।
संगठन ने झोंकी ताकत
उल्लेखनीय है कि इसी साल मध्यप्रदेश मे विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे मौके पर उमरिया मे होने जा रही कमनलाथ की सभा के कई मायने हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि इसका संदेश न सिर्फ जिला, संभाग बल्कि पूरे विंध्य मे जायेगा। लिहाजा संगठन कार्यक्रम को सफल बनाने मे पूरी तन्मयता से जुटा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक संगठन प्रभारी जगदीश सैनी, सह प्रभारी रमाशंकर शुक्ला और नव नियुक्त जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक अजय सिंह ने इसके लिये पूरी ताकत झोंक दी है।
