उमरिया (संवाद)। जिले के अमर शहीद स्टेडियम में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जहां बड़े आन बान और शान से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया गया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति कार्य विभाग मंत्री सुश्री मीना सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली है।

अमर शहीद स्टेडियम में मंत्री सुश्री मीना सिंह के द्वारा 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया और परेड की सलामी ली गई। जिसके बाद राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया इसके पश्चात जारी कार्यक्रम के अनुसार अन्य गतिविधियां संचालित की गई। इस दौरान मंत्री सुश्री मीना सिंह के द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया गया। जिसमें सबसे पहले उन्होंने वहां उपस्थित जन समुदाय सहित समस्त देशवासियों को 74 वें गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। उसके पश्चात संदेश में प्रदेश की उन्नति खुशहाली और विकास के पथ पर अग्रसर मध्य प्रदेश का जिक्र किया गया। इसके अलावा संदेश में प्रदेश के सभी वर्गों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया गया है। यह गणतंत्र दिवस सरकार के लिए तब और खास हो गया जब इसी वर्ष प्रदेश में विधानसभा के चुनाव है।ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार के द्वारा बीते वर्षों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों का जिक्र तो रहा ही है साथ ही आगामी रूपरेखा और योजनाओं के बारे में वृहद उल्लेख रहा है।

मुख्यमंत्री के संदेश के वाचन के बाद जिला पुलिस बल होमगार्ड पुलिस एनसीसी स्काउट गाइड के द्वारा आकर्षक परेड की गई इसके पश्चात स्कूलों के द्वारा पीटी प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम और इसके बाद शासकीय विभाग के द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया गया जिसमें हर एक विभाग के द्वारा योजनाओं संबंधी जानकारी और आमजन को संदेश देती झांकियों का समावेश किया गया था जहां उपस्थित विशाल जनसमुदाय ने तालियां बजाकर उनका अभिनंदन और स्वागत किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुश्री मीना सिंह ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारी और विभागों को पुरस्कृत किया है। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया गया वहीं जिले की अंतरराष्ट्रीय बैगा आदिवासी चित्रकार जोधईया बाई बैगा जिन्हें हाल ही में पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा गया है उनका भी सम्मान किया गया।

इसके अलावा तमाम शासकीय कार्यालयों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी ध्वजारोहण किया है जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर डॉ केडी त्रिपाठी के द्वारा ध्वजारोहण किया गया वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी प्रमोद कुमार सिन्हा के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। वहीं जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल, नगर पालिका परिषद उमरिया में परिषद के अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह, जनपद पंचायत करकेली में जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, भाजपा कार्यालय और जयस्तंभ चौक में विधायक शिवनारायण सिंह, नगर परिषद मानपुर में परिषद के अध्यक्ष श्रीमती भारती सोनी और नगर पालिका परिषद पाली में परिषद के अध्यक्ष सुश्री शकुंतला प्रधान ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय गीत का गायन किया है।
