उमरिया (संवाद)। गांव, घर और मोहल्ले की स्वच्छता हमारे संस्कारों को प्रदर्शित करती है। इसकी शुरुआत स्वयं से होती है। यदि हर व्यक्ति अपना रहवास और आसपास का क्षेत्र साफ रखने के साथ कचरा सार्वजनिक स्थान पर न फेंकने का संकल्प ले तो सारी समस्या ही खत्म हो जाएगी। उक्त आशय के विचार नपाध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह ने नगर पालिका परिषद ने राज्य स्थापना दिवस पर शुरू किये गए विशेष सफाई अभियान के तहत वार्ड नम्बर 7 में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका ने घर-घर से कचरा एकत्रित करने के लिए वाहनों की व्यवस्था की है। प्रत्येक वार्डों में सफाई के लिए अतिरिक्त संसाधन और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसे और बेहतर करने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं, परंतु बिना नागरिकों के सहयोग के यह सम्भव नहीं है। आज राज्य स्थापना की वर्षगांठ पर हम सभी मिल कर उमरिया को साफ और सुंदर बनाने का संकल्प लें।इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती सिंह ने सभी के साथ वार्ड में स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक कर अपने विशेष स्वच्छता अभियान खुद झाड़ू उठा कर लोगों को स्वच्छता हेतु प्रेरित किया। साथ ही सब के साथ मिल कर मोहल्ले में स्थित गुरुद्वारा से तिराहा तक सफाई की।
