भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। तबादला सूची में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुखबीर सिंह बने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव
आईएएस अधिकारी सुखबीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं भारत यादव को जनसंपर्क विभाग का सचिव बनाया गया है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को चिकित्सा विभाग में अपर मुख्य सचिव (ACS) और केसी गुप्ता को खाद्य विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।
जबलपुर और हरदा में बदले कलेक्टर
बालाघाट कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं रायसेन कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा को जबलपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जबलपुर के मौजूदा कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक (MD) बनाया गया है। अब जबलपुर की प्रशासनिक कमान अरुण विश्वकर्मा संभालेंगे।
शाजापुर, नर्मदापुरम, सिंगरौली और नीमच में भी बदलाव
शाजापुर कलेक्टर ऋजु बाफना को कलेक्टर पद से हटाया गया है। उनकी जगह परीक्षित झाड़े को शाजापुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। आईएएस अधिकारी आशीष वसिष्ठ को नर्मदापुरम का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं अंकित अस्थाना को सिंगरौली और अंकिता धाकरे को नीमच कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों के साथ-साथ कई जिलों की प्रशासनिक कमान भी बदली गई है।



