नेताजी का बीच सड़क हाईवोल्टेज ड्रामा,लग गया लंबा जाम

Editor in cheif
2 Min Read

MP: (सतेंद्र सिंह)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में बीजेपी नेता और एल्डरमैन रमेश जड़िया का बीच सड़क विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। बेटे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से नाराज नेता ने पहले पुलिसकर्मियों से तीखी बहस की, फिर सर्वोदय चौराहे पर सड़क पर बैठ गए। इससे कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, रमेश जड़िया के बेटे आनंद जड़िया की कार से सिविल कोर्ट के पास एक बाइक सवार की टक्कर हो गई थी, जिसमें बाइक चालक घायल हो गया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार को थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान रमेश जड़िया मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए बहस करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कार जब्त करने का विरोध किया और नाराजगी जताते हुए चौराहे के बीच सड़क पर बैठ गए।

सड़क पर लगा जाम, लोगों ने की समझाइश

नेता के सड़क पर बैठते ही चौराहे पर ट्रैफिक रुक गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिसकर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें लगातार समझाने का प्रयास किया। काफी देर की समझाइश के बाद वह सड़क से हटे, जिसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रमेश जड़िया पुलिसकर्मियों से बहस करते और बाद में सड़क पर बैठकर विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच की जानकारी का इंतजार है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *