MP: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश उत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों पर बिजली का तार गिर गया। करंट फैलने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों के अनुसार, गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद 7–8 युवक पंडाल में ही विश्राम कर रहे थे। देर रात अचानक ऊपर से बिजली का तार पंडाल पर गिर पड़ा। लोहे के ढांचे और गीले माहौल के कारण पूरे पंडाल में करंट फैल गया, जिससे वहां सो रहे युवक उसकी चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कर घायलों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान
जैनू भांवरे उम्र 19 वर्ष
कृष्ण कुमार भांवरे उम्र 18 वर्ष
रवि झारिया उम्र 24 वर्स
विरेन्द्र भांवरे उम्र 25 वर्ष
तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो का इलाज नैनपुर अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बिजली का तार पंडाल पर कैसे गिरा। एक साथ चार युवकों की मौत से हीरापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।