MP: राजधानी भोपाल में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार को लेकर पुलिस की लगातार कार्रवाई ने पूरे शहर में हलचल मचा दी है। अब तक चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी हो चुकी है, जिसके बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या शहर में कोई संगठित रैकेट सक्रिय है या अलग-अलग स्थानों पर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस ने होशंगाबाद रोड स्थित आशिमा मॉल के Pure Heavens Spa, इंद्रपुरी के Pink Vibes Spa, एमपी नगर सहित अन्य क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिनसे पूछताछ के बाद अनैतिक गतिविधियों से जुड़े प्रकरण दर्ज किए गए।
जांच अब सिर्फ स्पा सेंटर तक सीमित नहीं
पुलिस अब संचालकों के साथ-साथ उन लोगों की भी जांच कर रही है जो कथित तौर पर इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि स्पा सेंटरों में काम करने वाली युवतियों की भर्ती कैसे हुई, उन्हें कौन लेकर आया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
नपा सीएमओ 2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,लोकायुक्त की कार्रवाई से मचा हड़कंप
एडीशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है और उनके मोबाइल, संपर्क तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़े रैकेट की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
कई सवालों के जवाब अभी बाकी
लगातार हो रही छापेमारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। कुछ होटलों से सामने आए वीडियो और अन्य सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला किसी संगठित नेटवर्क का है या अलग-अलग स्तर पर चल रही अवैध गतिविधियों का। पुलिस का कहना है कि अंतिम तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।