MP: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नलखेड़ा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मां बगलामुखी मंदिर के पास उफनते बरसाती नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी एक कार तेज बहाव में बह गई। हादसे में कार में सवार सभी 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु ओडिशा के रहने वाले थे। वे उज्जैन में महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद टैक्सी से मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंदिर मार्ग की पुलिया के ऊपर से तेज रफ्तार से पानी बह रहा था। इसी दौरान कार पानी के बहाव में फंसकर नाले में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद नाले से कार और सभी आठ शव बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है तथा श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों और पुलियों को पार करने का प्रयास न करें।