CG News: 5 लाख की सुपारी देकर ससुर की दामाद ने कराई हत्या,दामाद समेत तीन गिरफ्तार

Editor in cheif
3 Min Read

तलाक का केस वापस नहीं लेने से नाराज था आरोपी दामाद, 10 हजार रुपए दिए थे एडवांस

CG के अंबिकापुर शहर के रसूलपुर इलाके में 70 वर्षीय एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन सिद्दीकी की घर में घुसकर चाकू से हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले मृतक के दामाद नाजिम सबा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ससुर की हत्या के लिए पांच लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। इसमें 10 हजार रुपए एडवांस के तौर पर दिए गए थे। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

तलाक का केस वापस नहीं लेने पर दी थी धमकी

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को रसूलपुर स्थित घर में बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभिक रूप से संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मौत होने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा 103 भी जोड़ी गई।

जांच के दौरान मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उसका पति नाजिम सबा के साथ तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। आरोप है कि नाजिम पूर्व में मायके पक्ष के लोगों को तलाक का केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे चुका था। पुलिस ने इसी विवाद को हत्या की साजिश की वजह माना है।

किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे आरोपी

जांच में पुलिस को पता चला कि नाजिम सबा ने अपने ससुर की हत्या के लिए पलामू के चैनपुर निवासी कंचन कुमार और अन्य आरोपियों से संपर्क किया था। आरोप है कि उसने उन्हें अंबिकापुर बुलाया और उनके ठहरने की व्यवस्था भी की।

16 सितंबर को हत्या की योजना के तहत कंचन कुमार सहित अन्य आरोपी बाइक से बशीरुद्दीन के घर पहुंचे। बताया गया कि आरोपी किराए का मकान देखने के बहाने घर में दाखिल हुए थे। कुछ देर बाद उन्होंने बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक को घटनास्थल के पास छिपाकर मौके से फरार हो गए।

बाइक, खून से सने कपड़े और बस टिकट जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कंचन कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, खून से सने कपड़े और बस टिकट जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस हत्या की साजिश और आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *