MP (संवाद)। मध्य प्रदेश में कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश में एक साथ तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से से लेकर पूर्वी अंचल तक कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। विशेष रूप से बड़वानी और बालाघाट जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर तथा ग्वालियर-चंबल संभाग के विभिन्न जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
पश्चिम से पूर्व तक अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
नागरिकों से अपील की गई है कि बिजली कड़कने और तेज बारिश के दौरान खुले मैदानों, जलाशयों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,4 राज्य प्रशासनिक सेवा अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी