रॉबर्टसन कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ

Editor in cheif
2 Min Read

उमरिया। रॉबर्टसन कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, उमरिया में ‘गुरु पूर्णिमा पखवाड़े’ का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें शिक्षकों ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को गुरु के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कक्षा 11वीं (कॉमर्स) की छात्रा आर्या तिवारी (पुत्री श्री अजय तिवारी) ने गुरु की महिमा पर आधारित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जिसने सभी उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात विद्यालय के लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्था के संचालक श्री विश्वजीत पांडे ने वरिष्ठ शिक्षकों एवं सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की वरिष्ठ छात्राओं ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में संस्था प्रमुख ने गुरु की महिमा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इतिहास, पौराणिक प्रसंगों एवं धर्मग्रंथों के उदाहरणों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली विरासत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान प्रदान करने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारों के संवाहक एवं राष्ट्र निर्माण के प्रमुख आधार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुओं के प्रति सदैव सम्मान, विश्वास एवं कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

विद्यालय में आगामी 15 दिनों तक विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, कला एवं संगीत आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित की जाएगी।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *