उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा वन परिक्षेत्र अंतर्गत खेरवा टोला में घर में घुसकर एक खूंखार बाघ ने महिला को हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वही घर में सो रहे महिला के पति, ससुर और महिला के पिता के ऊपर भी हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। इसके बाद बाघ ने उसी घर को अपना ठिकाना बनाकर आराम फरमाने लगा। इधर पूरा गांव इकट्ठा होकर वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी दिखाई है। रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया जिसमें पनपथा परिक्षेत्र के रेंजर, डिप्टी रेंजर ,बीट गार्ड और अन्य वन कर्मचारियों को चोंटे आई है।
घटना की जानकारी लगते मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने दुख जताते हुए बाघ के हमले एक महिला की मौत होने पर 25 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है और हमले में घायलों का निशुल्क इलाज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी है।
