शहडोल जिले के धमनी कला गांव में बुधवार, 25 फरवरी को एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई। यहां एक दुल्हन हेलीकॉप्टर से अपने ससुराल पहुंची, जिसे देखने के लिए पूरा गांव और आसपास के लोग उमड़ पड़े। सतना के नागौद से आई इस बहू का स्वागत करने के लिए ग्रामीणों में भारी उत्साह दिखाई दिया।
शहडोल जिले के धमनी के रहने वाले कुंवर आदित्य सिंह की शादी सतना के एक जमींदार परिवार की बेटी मृगांसी से हुई है। आदित्य सिंह, सोहागपुर के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अजय सिंह के बेटे हैं। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के आसमान में दिखा, बच्चे-बूढ़े और महिलाएं उसे देखने के लिए दौड़ पड़े। परिवार की पुरानी गढ़ी (पैतृक निवास) के सामने ही खास तौर पर हेलीपैड बनाया गया था।
दूल्हा आदित्य सिंह एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर हैं। शादी की रस्में पूरी होने के बाद वे अपनी पत्नी मृगांसी के साथ हेलीकॉप्टर से पहुंचे और फिर विदाई की रस्म पूरी कर उन्हें साथ लेकर रवाना हुए। शहडोल जिले में यह दूसरा मौका है जब किसी शादी में हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल हुआ है। हेलीकॉप्टर उतारने के लिए प्रशासन से पहले ही मंजूरी ले ली गई थी। मौके पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात था ताकि भीड़ को काबू में रखा जा सके। इस शाही विदाई की चर्चा अब पूरे जिले में हो रही है।