उमरिया (बांधवगढ़)।। बाघ दर्शन के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सैलानियों को कुछ दिनों के लिए निराशा भरी खबर आने वाली है। वह इसलिए की बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एक सप्ताह बाद यानी 30 जून से पर्यटन के लिए बंद कर दिया जाएगा। हालांकि यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि इसके पहले भी हमेशा से बारिश के सीजन में 3 माह के लिए पर्यटन बंद कर दिया जाता है। अब बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का गेट 3 महीने बाद यानी 1 अक्टूबर से पर्यटन के लिए ओपन कर दिया जाएगा।
दरअसल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ या अन्य वन्य प्राणियों के दर्शन और जंगल का भ्रमण हर वर्ष 3 माह के लिए 30 जून से बंद कर दिया जाता है। इसकी जो वजह है वह यह है कि इस दौरान बारिश का सीजन रहता है जिससे बारिश में जंगल के अंदर के कच्चे रास्ते मैं आवागमन बाधित हो जाता है। इस दौरान किसी भी सैलानी को जंगल के अंदर कोई परेशानी हुई तो वह एक गंभीर समस्या मानी जा सकती है। इसके अलावा वन्य प्राणी एक्सपर्ट बताते हैं कि बारिश के सीजन में बाघ सहित अन्य वन्य प्राणियों का प्रजनन का समय रहता है। इसलिए उनके इस समय पर कोई व्यवधान उत्पन्न ना हो इसलिए भी पर्यटन बंद किया जाता है।
विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व जहां दुनिया भर में बाघ दर्शन के लिए प्रसिद्ध है। वही यहां का जंगल किले और अन्य ऐतिहासिक चीजे भी प्रसिद्ध है। और यही वजह है कि बांधवगढ़ में विदेशी सैलानियों की संख्या में लगातार हर वर्ष इजाफा हो रहा है। सैलानियों की बढ़ती संख्या देख यह कहा जा सकता है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अब सैलानियों की पहली पसंद बन गया है। विदेशी सैलानियों के अलावा देसी सैलानी भी देश के कोने-कोने से बांधवगढ़ पहुंच रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व हमेशा से विदेशी सैलानियों का आकर्षण का केंद्र रहा है। वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट आफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बांधवगढ़ देश में बाघों के घनत्व में तीसरे स्थान पर है यही कारण है कि यहां पर्यटकों को आसानी से बाघ दर्शन का अवसर मिल जाता है। बताया गया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के प्रत्येक जोन में 2 से 3 मादा बाघिन और उसके शावक मौजूद हैं। वर्तमान समय में पर्यटकों के लिए यही मादा बाघिन और उसके शावक आकर्षक बने हुए हैं। गर्मी के सीजन में पानी के स्रोतों की कमी के कारण बाघों के दर्शन आसान हो जाते हैं। भारी गर्मी के कारण बाघ पानी के आसपास मौजूद रहते हैं।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर पीके वर्मा ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में साल 2024-25 के टूरिज्म सीजन में नया रिकॉर्ड बना है। इस साल 32 हजार से ज्यादा विदेशी सैलानियों ने बांधवगढ़ का दौरा किया। यह आंकड़ा प्रदेश के अन्य टाइगर रिजर्व में से सबसे अधिक है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया है। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि साल 2022-23 में 21 हजार विदेशी सैलानी यहां पहुंचे थे, वहीं साल 2023-24 में यह आंकड़ा 25000 के आसपास था। लेकिन 2024-25 में अब तक पर्यटक 32528 विदेशी पर्यटक आ चुके हैं। आगे आने वाले समय में यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।