उमरिया (संवाद)। जिले के थाना कोतवाली अंतर्गत घघड़ार के जंगल में हुई हत्या के अज्ञात आरोपियों को पकड़ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डीसी सागर ने तीस हजार (30,000) के इनाम की घोषणा की है।

उधर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में गठित एसआईटी टीम के द्वारा अज्ञात आरोपियों के पकड़ने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वयं एसपी प्रमोद कुमार सिन्हा भी मामले पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने स्वयं गठित एसआईटी टीम प्रभारी एसडीओपी जितेंद्र जाट, कोतवाली प्रभारी सुंदरेष सिंह मरावी, महिला थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी, चौकी प्रभारी सिविल लाइन सरिता ठाकुर सहित मृतिका के परिजनों के साथ आज 7 मार्च को पुनः घटनास्थल पर जाकर बारीकी और सभी पहलुओं की जांच की गई। इसके अलावा परिजनों से एक बार फिर संदेहीयों के बारे में पूछताछ कर उन सभी बिंदुओं पर पुनः टीम के द्वारा निरीक्षण कर जांच की गई। वही एसआईटी की टीम द्वारा आरोपियों को जल्द पकड़ने और उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के गांवों, बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय, गली चौराहों में हत्या के अज्ञात आरोपी पर इनाम की घोषणा का पम्पलेट चस्पा कराया गया।
