उमरिया (संवाद)। जिले में भू माफियाओं का तांडव इस कदर मचा है कि हर आदमी परेशान है। भू माफियाओं को ना तो कानून का डर है और ना ही यहां के प्रशासनिक अमले का डर है। लगातार उनके द्वारा लोगों की जमीन का कब्जा करना और रिकॉर्ड में हेरा फेरी कराना यह सब उनके लिए बेहद आसान है। एक ऐसा ही मामला जिला मुख्यालय से लगे भरौला ग्राम में देखने को मिला है जहां के सैकड़ों लोग कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।

मामला उमरिया जिला मुख्यालय के ग्राम भरौला का है, जहां बेखौफ भूमाफिया ने बीते दिनों किसानों की भूमि पर बुल्डोजर चलाते हुए उस भूमि पर अपना हक जताने लगे। जिसके विरोध में गरीब किसानों के द्वारा किया गया लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। जिसके बाद वह अपनी फरियाद लेकर ग्रामीणजन और महिलाएं, स्कूली बच्चे कलेक्ट्रेट कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे जहां उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पोस्टर में लिखे गए शब्दों का अंदाज भी अलग रहा, जिसमें कहा गया है कि जमीन तो ले ली अब घर भी ले लो, हम और हमारे बच्चे कलेक्ट्रेट पर रहेगें, यही हमारा घर है।
वहीं इस मामले पीड़ित ने बताया कि भूमाफिया मुन्ना भाईजान नामक व्यक्ति के द्वारा उनकी आराजी की भूमि पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। गरीब किसान की भूमि पर जेसीबी चलाकर पेड़ पौधों को नुकसान पहुचाया गया है। वहीं इस मामले में राजस्व विभाग के आर आई और पटवारी की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। मामले में जनसुवाई में आवेदन भी दिया गया है देखना होगा बेखौफ भू माफिया पर कार्यवाही कब तक हो पाती है और गरीब किसान को न्याय कब तक मिल पाता है।