उमरिया (संवाद)। जिले के मानपुर जनपद अंतर्गत ग्राम मझोखर में सरकारी राशन दुकान के कोटेदार के द्वारा हितग्राहियों को सड़ा हुआ गेंहू बांटने के बाद मीडिया के हस्तक्षेप के बाद जांच करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम भी सवालों के घेरे में है। वहीं अब कोटेदार के द्वारा गांव के हितग्राहियों को धमकाने और उन्हें प्रताड़ित करने की बात सामने आ रही है।
दरअसल जिले के मानपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मझोखर में सरकारी राशन दुकान के संचालक के द्वारा ग्रामीणों को मिलने वाले राशन को ब्लैक में बेच दिया है और 2 महीने का राशन उन्हें नही दिया। कोटेदार के द्वारा राशन के नाम और पुराना सडा हुआ, घुन लगा गेंहू कुछ हितग्राहियों को बांट दिया गया।जिसके बाद शिकायत होने पर मचे हो-हल्ला के बाद खाद्य विभाग की जांच टीम मौके पर पहुंची जहां ग्रामीणों के द्वारा कोटेदार के द्वारा दिया गया सड़ा गेंहू दिखाया गया । ग्रामीणों ने जांच टीम को बताया कि राशन दुकान में इसी तरीके का सडा गेंहू और भी रखा हुआ है।
परंतु जांच टीम ने न तो उस गेंहू को जप्त किया और न ही दुकान को सील किया है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार के द्वारा राशन के नाम पर बांटा गया घुन लगा गेंहू जांच टीम को भी दिखाया गया है। लेकिन जांच भी अब सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कोटेदार के द्वारा सड़ा हुआ गेंहू बांटने की शिकायत के बाद भी कोटेदार पर कार्यवाही होना तो दूर बल्कि अब उसके द्वारा गरीब शिकायतकर्ताओ को धमकाने देने और उन्हें देख लेने की धमकी दी जा रही है।