उमरिया (संवाद)। शिक्षा के क्षेत्र में जिले की विख्यात संस्थान सी.बी.एस.ई. से मान्यता प्राप्त आर.सी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमरिया के कक्षा 8वीं के मेधावी छात्र प्रथमेश सिंह बघेल ने जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने 30 जून 2025 को शहडोल में आयोजित इंस्पायर अवार्ड मानक 2024-25 की जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में अपने “स्मार्ट हैंड पंप” प्रोटोटाइप मॉडल के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित हुए है।
प्रथमेश ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा से शहडोल, अनूपपुर, उमरिया एवं डिंडोरी जिलों से आए प्रतिभागियों में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। वे सत्र 2024-25 में उमरिया जिले से चयनित होने वाले एकमात्र छात्र हैं, जो निश्चित रूप से जिले के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय के संचालक श्री विश्वजीत पांडे, प्राचार्य श्रीमती नीना पांडे, उप प्राचार्य श्री दीपक श्रीवास्तव, विज्ञान विभाग प्रमुख श्री जितेंद्र कुमार तिवारी एवं समस्त शैक्षणिक स्टाफ ने प्रथमेश की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
प्रथमेश नगर के सम्मानित नागरिक श्री उपेंद्र सिंह एवं श्रीमती रितु सिंह के सुपुत्र हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, अपितु समूचे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह चयन आर.सी. स्कूल उमरिया में 21वीं सदी के तकनीकी रूप से दक्ष विद्यार्थियों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
