मंगल भवन प्रांगण में भव्य दशहरा उत्सव संपन्न, रावण वध-आतिशबाज़ी और भक्ति संगीत से गूँजा नगर

Editor in cheif
3 Min Read

उमरिया। सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति उमरिया के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन नगरवासियों की भारी भीड़ और उत्साह के बीच मंगल भवन प्रांगण में संपन्न हुआ। आयोजन की शुरुआत सर्वप्रथम प्रभु श्री राम दरबार की आरती पूजा एवं फूल मालाओं से समिति के संरक्षक मुख्य अतिथि विधायक शिवनारायण सिंह,विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला आशुतोष अग्रवाल,कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी एवं अन्य पदाधिकारीयों ने पूजा अर्चना कर कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया।

कार्यक्रम के संरक्षक और मुख्य अतिथि बांधवगढ़ विधानसभा विधायक शिवनारायण सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि दशहरा का पर्व समाज को यह संदेश देता है कि बुराई चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, सत्य और धर्म की शक्ति के आगे उसका अंत निश्चित है। उमरिया की जनता हर वर्ष इस उत्सव में जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल होती है, वही इस आयोजन की असली ताकत है।

भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि दशहरा त्याग, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा का पर्व है। भगवान श्रीराम ने आदर्श शासन और जनकल्याण का मार्ग दिखाया। आज भी हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरा केवल धार्मिक पर्व ही नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने का अवसर भी है। हमें अपने जीवन से अहंकार, ईर्ष्या, द्वेष जैसी बुराइयों का दहन करना चाहिए, तभी यह पर्व सार्थक होगा। समिति के अध्यक्ष विनोद आहूजा ने अपने स्वागत भाषण में नगरवासियों का अभिनंदन करते हुए दशहरे के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में कार्यक्रम का सफल मंच संचालन समिति के सचिव नीरज चंदानी ने किया,जबकि आभार प्रदर्शन समिति के संरक्षक ज्ञानेंद्र सिंह गहरवार ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण

मैहर की प्रसिद्ध रामलीला मंडली ने राम-रावण युद्ध का मंचन किया, जिसमें भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध का जीवंत दृश्य देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके पश्चात विशालकाय रावण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया और आतिशबाज़ी से नगर रोशन हो उठा। उसके पश्चात ऋषिकेश से आए कलाकारों ने भजन संध्या, संगीत और धार्मिक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भक्ति गीतों और नृत्य की लय पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और दर्शक तालियों से झूम उठे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *