उमरिया । जिला शिक्षा अधिकारी आर एस मरावी ने बताया कि मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बोर्ड परीक्षाएं कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षा 10 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही है। जिसमें कक्षा 12वीं हाईयर सेकंडरी की परीक्षा 10 फरवरी से और हाई स्कूल कक्षा दसवीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से प्रारंभ होगी जो 6 मार्च चलेगी । परीक्षा का समय प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी या व्यवधान ना हो इसके लिए कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये है।
उन्होने कहा है कि समस्त परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर प्रातः 8 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व के पश्चात किसी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षाकाल में शासन द्वारा यदि कोई सार्वजनिक अथवा स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, तो भी परीक्षायें यथावत कार्यक्रमानुसार सम्पन्न होगी। नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षायें उनके विद्यालय में एवं स्वाध्यायी छात्रों की प्रायोगिक परीक्षायें उन्हें आवंटित परीक्षा केन्द्र पर 10 फरवरी से 10 मार्च के मध्य संचालित की जाएगी। इनकी तिथियां तथा समय ज्ञात करने के लिये प्राचार्य / केन्द्राध्यक्ष से संपर्क स्थापित रखा जावे। आवश्यकता पड़ने पर प्रायोगिक परीक्षायें अवकाश के दिनों में भी आयोजित की जा सकेगी।
समस्त परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रात. 8.30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में प्रातः 8.45 बजे के पश्चात किसी भी छात्र को प्रवेश नही दिया जावेगा। परीक्षा प्रारम्भ होने के 10 मिनिट के (प्रातः 8.50 बजे से) पूर्व छात्रों को उत्तर पुस्तिका एवं 5 मिनिट के (प्रातः 8.55 बजे से) पूर्व प्रश्न-पत्र दिये जायेंगे।
पाली, चंदिया, बिलासपुर, मानपुर के लिए कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त
उमरिया जिलें में आयोजित हाईस्कूल,हायर सेकेण्डरी वर्ष 2026 की मुख्य परीक्षा की गोपनीयता एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व केन्द्राध्यक्षों के साथ संबंधित थानों से प्रश्न-पत्र प्राप्त किये जाने से लेकर परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचाने हेतु कलेक्टार धरणेन्द्र कुमार जैन ने पाली, चंदिया, बिलासपुर, चंदिया, मानपुर के लिए कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किया है । उन्होने कहा है कि अधिकारीगण म.प्र. शासन स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय भोपाल केे दिशा-निर्देशानुसार कार्य करना सुनिश्चित करें एवं परीक्षा केन्द्रो के केन्द्राध्यक्षों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सारणी अनुसार प्रातः 7 बजे संबंधित थानों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

