उमरिया/पाली (संवाद)। जिले के नगर पालिका पाली में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिसमें 13 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे स्थानीय कोल माइंस स्टेडियम में संपन्न कराया जाएगा। इसी के साथ नगर पालिका के नवनिर्वाचित पार्षदों का प्रथम सम्मेलन के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जाना है।
बताते चलें कि बीते 27 सितंबर को पाली नगर पालिका के 15 वार्डों के लिए चुनाव संपन्न कराया गया था। वही 30 सितंबर को मतगणना उपरांत 15 वार्डों में से 8 वार्ड में भाजपा के पार्षद विजय हुए थे और इसी के साथ परिषद के गठन में गठन के लिए भाजपा बहुमत में रही है। वही प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को 5 वार्डों में ही जीत हासिल हो सकी थी। इसके अलावा वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय एवं वार्ड नंबर 3 से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी विजयी रही है।
मतगणना के बाद से ही निर्वाचित पार्षदों राजनीतिक दलों के नेताओं सहित नगर की जनता को यह इंतजार रहा है कि परिषद का गठन कब होगा। लेकिन अब उनका इंतजार खत्म हो गया है। नगर पालिका प्रशासन और रिटर्निंग ऑफसर के द्वारा पाली नगर पालिका के परिषद का गठन का कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है और 13 अक्टूबर को पार्षदों के प्रथम सम्मेलन के साथ अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न करा लिया जाएगा।
