हीरा विश्वकर्मा कटनी (संवाद)।
बीती रात कटनी के मंगतराम हॉस्पिटल में डॉक्टरों की लापरवाही और मृत महिला को ऑक्सीजन लगाकर पैसे ऐंठने के लिए कई घंटों तक इलाज जारी रखने के मामले में परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। आज शासकीय अस्पताल में मृत महिला का पीएम उपरांत परिजन महिला का शव लेकर मंगतराम हॉस्पिटल पहुंच गए और अस्पताल के सामने शव रखकर लापरवाह हॉस्पिटल के खिलाफ जमकर हल्ला बोला और कार्यवाही की मांग की है।उधर मंगतराम अस्पताल के डॉक्टर विशम्भर लालवानी ने धर्मलोक हॉस्पिटल के डॉक्टर पर मृत महिला के परिजनों को उनके खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया है।
दरअसल कल रविवार को सुबह 22 वर्षीय लक्ष्मी विश्वकर्मा नामक महिला को नई बस्ती इलाके में स्थित मंगतराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टर रूपा लालवानी के द्वारा इलाज में लापरवाही के चलते महिला की जान चली गई और मरीज के परिजनों को बगैर बताये पैसे ऐंठने के लिए मृत महिला का घंटो अस्पताल के अंदर इलाज करते रहे और इलाज के नाम उनसे 50 हजार रुपये ले लिए। देर शाम होने के बाद मृतक महिला को स्थानीय एक प्राइवेट हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। जहां धर्मलोक हॉस्पिटल के डॉक्टर ने लक्ष्मी विश्वकर्मा को तुरंत ही मृत घोषित कर दिया और कहा कि महिला की मौत काफी समय पहले हो चुकी है। यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने मंगतराम हॉस्पिटल पहुंचकर डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही और जानबूझकर मृत का इलाज करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया।परिजनों ने इस बावत पुलिस से भी शिकायत दर्ज कराई है।हालांकि रात में पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर मृत महिला का पीएम उपरांत कार्यवाही का भरोसा देकर शांत करा दिया था।इस दौरान हॉस्पिटल के डॉक्टर और स्टाप अस्पताल से गायब रहा।
