उमरिया (संवाद)। जिले के थाना मानपुर अंतर्गत छपडौर में खून के रिश्ते का कत्ल हुआ है। जिसमे एक परिवार के छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई को लाठी डंडों से मारकर मौत के घाट उतार दिया है।घटना के बाद छपडौर सहित आसपास के इलाकों में सनसनी फैली हुई है।
दरअसल जिले के थाना मानपुर अंतर्गत ग्राम छपडौर के अगरिया टोला में एक परिवार में जमीनी विवाद के चलते एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया है। दोनों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद रहा है और इसी को लेकर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। जिसमें बड़े भाई की मौत हो गई है। विवाद के दौरान लाठी-डंडों से लहूलुहान बड़े भाई को घायल अवस्था में परिजन और स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।
घटना की जानकारी के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लिए हैं। जिस पर पुलिस कार्यवाही कर रही है। पुलिस के मुताबिक छपडौर के अगरिया टोला निवासी रामखेलावन अगरिया पिता बैसाखू अगरिया उम्र 35 वर्ष ने जमीन के बंटवारे के विवाद के चलते अपने बड़े भाई कोदूलाल अगरिया पिता बैसाखू अगरिया के ऊपर लाठी डंडों से हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर घायल हो गया। जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग के द्वारा घायल को मानपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है मामले के आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।