
चंदिया में आज हो सकती है विस्फोटक स्थिति,इधर प्रशासन ने पब्लिक को रोकने की नाकेबंदी, कई मजिस्ट्रेटों के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती
उमरिया (संवाद)। जिले के चंदिया नगर के रेलवे स्टेशन में ट्रेनों के स्टापेज की मांग को लेकर बीते 15 दिनों से चल रही भूख हड़ताल के बाद आज 20 सितंबर को हजारों लोंगो के द्वारा रेल रोको आंदोलन किया गया।इधर जिला प्रशासन और रेल्वे पुलिस के द्वारा चप्पे-चप्पे पर तैनाती से यह उम्मीद लगाई जा रही है कि पब्लिक और प्रशासन में विस्फोट की स्थिति निर्मित हो सकती है।

दरअसल कोरोना काल के पूर्व की तरह ट्रेनों का परिचालन और चंदिया रेल्वे स्टेशन में पूर्व की तरह ट्रेनों के स्टापेज दिए जाने की मांग को लेकर चंदिया नगर और आसपास के लोग क्षेत्रीय संघर्ष समिति के आवाहन पर रेलवे विभाग की मनमानी और तानाशाह रवैये से आक्रोशित होकर अपनी मांगों को लेकर बीते 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे है।वहीं पूर्व से घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज 20 सितंबर को रेल रोको आंदोलन किये जाने के लिए अल्टीमेटम भी दिया जा चुका है।
इधर जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन संयुक्त रूप से रेल रोको आंदोलन के दौरान विस्फोटक स्थिति की आशंका से निपटने के लिए कमर कस चुके है। जिसको लेकर जिले के कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के द्वारा 1 दिन पूर्व से चंदिया में धारा 144 प्रभावशील कर दिया गया है। वहीं चंदिया से ग्राम बिलासपुर को जाने वाला सड़क मार्ग भी बंद कर दिया गया है।वहीं कलेक्टर ने इस आंदोलन में सम्मिलित होने चंदिया नगर के आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग नही पहुंच सके इसके लिए गांवों से जुड़ने वाले कई प्रमुख मार्गों में मजिस्ट्रेटों और भारी पुलिस बल की तैनाती कर नाके बंदी की गई है।
इसके पहले जब आंदोलन प्रारम्भ हो रहा था और रूपरेखा बनाई जा रही थी तब भी हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। उस दौरान कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के द्वारा आंदोलन में विस्फोटक स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जाहिर की गई थी और इसी वजह से आंदोलन को रोकने कलेक्टर ने रेलवे प्रशासन से मिलकर संयुक्त रूप यह योजना बनाई है। कलेक्टर के द्वारा चंदिया नगर के चप्पे-चप्पे पर और ग्रामीण क्षेत्रो से चंदिया नगर पहुंच मार्ग में मजिस्ट्रेटों और भारी पुलिस बल की तैनाती कर नाके बंदी कराई है जिससे लोग रेल रोको आंदोलन में शामिल न हो सके।
कलेक्टर ने रेल्वे स्टेशन के पास धरना स्थल पर एडीएम अशोक ओहरी,तहसीलदार ब्रजेन्द्र पाण्डेय, चंदिया नगर में एसडीएम नेहा सोनी,बांका तिराहा में तहसीलदार चंद्रशेखर, विलायत कला रोड पर तहसीलदार आशीष चतुर्वेदी, दर्राहा फाटक मार्ग पर तहसीलदार पंकज नयन तिवारी, कौड़िया सलैया मार्ग पर राजेश पारस के साथ पुलिस बल की तैनाती कर नाकेबंदी की गई है।
Leave a comment