उमरिया (संवाद)। जिले के पाली नगर पालिका के चुनाव के मद्देनजर आज 12 सितंबर को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन निर्धारित किया गया था। जिसके तहत आज अंतिम दिन भाजपा ने बैंड बाजे के साथ नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए पहले माता बिरासिनी के मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना कर मां बिरासिनी का आशीर्वाद लेकर नाम निर्देशन पत्र भरने पहुंचे है। वही कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार भी ढोल तासे और अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे है।

दरअसल जिले की नगरपालिका पाली में नगरीय निकाय चुनाव कराने प्रक्रिया प्रारंभ है।वही आज 12 सितंबर को नाम निर्देशन पत्र भरने की अंतिम तिथि भी है।इसलिए सभी राजनीतिक दल भाजपा, कांग्रेस और आप पार्टी के उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे है। भाजपा ने आज सुबह सबसे पहले उम्मीदवार और उनके समर्थक एकजुट होकर प्रदेश सरकार की मंत्री सुश्री मीना सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय की अगुआई में नगर से होते हुए माता बिरासिनी मंदिर पहुंचे और माता से आशीर्वाद प्राप्त कर नामांकन दाखिल करने पहुंचे है। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार भी अपने समर्थकों के साथ ढोल नगाड़े के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे है।

हालांकि आज आखरी दिन तक किसी भी दल के द्वारा अपने अधिकृत प्रत्यासियो की घोषणा नही की गई है। जबकि भाजपा इस काम मे अग्रणी रहा करती है फिर इस बार पता नही क्यो उम्मीदवारों की सूची जारी नही की जा रही है। हालांकि यह पार्टी का अंदरूनी मामला हो सकता है या इसके पीछे कोई वजह होगी। वहीं इसके पहले जिले के अन्य नगरीय निकायों के सम्पन्न हुए चुनाव में भाजपा के द्वारा बकायदे अपने अधिकृत प्रत्यासियो की सूची जारी की गई थी जिसमे कुछ जगह पार्टी को उसका खामियाजा भी भुगतना पड़ा था। उम्मीदवारों की सूची जारी होने से टिकिट नही पाने वाले दावेदारों में विरोधाभास और बगावत देखने को मिली थी इसलिए इस बार रणनीति के तहत बगैर सूची जारी किए उम्मीदवारों का नामांकन भराया जा रहा है। हालांकि पार्टी के अंदरखाने से खबर है कि 2 से 3 वार्डों को छोड़कर सबकुछ तय हो चुका है और पूरे 15 वार्डों के लिए उम्मीदवारों की सूची बनाई जा चुकी है।

बहरहाल राजनीतिक दलों के द्वारा पूरे 15 वार्डों के जिताऊ प्रत्यासियो का चयन कर नामांकन फार्म भराया जा रहा है।रही बात अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी करने का तो फिलहाल पार्टियां उस स्थिति नही है।उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव चिन्ह आवंटन के दिन सूची जारी करने के साथ फार्म बी भी जमा कर दिया जाएगा।