उमरिया। जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एक स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर में मौजूद लोगों सहित करीब पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार अमरपुर थाना अंतर्गत हायर सेकेंडरी विद्यालय के सामने एक नई बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित स्थानीय निवासी लल्ला कोल के मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
हादसे में एक स्थानीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, घर में मौजूद लोगों सहित करीब पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में अमरपुर निवासी गोविंद गौतम और भोलू सिंह के नाम सामने आए हैं। अन्य घायलों के नाम समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सके थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने तत्काल एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया। एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक सहायता दी और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घायल भोलू सिंह और गोविंद गौतम की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दोनों का उपचार जारी है। वहीं,बोलेरो किस कारण से अनियंत्रित हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।