छात्राओं का सड़क पर प्रदर्शन करना प्रभारी प्राचार्य को पड़ गया मंहगा,कमिश्नर ने किया सस्पेंड

Editor in cheif
2 Min Read

उमरिया/मानपुर। जिले के मानपुर में बीते दिनों शबरी माता कन्या परिसर की छात्राओं के द्वारा सड़क पर उतरकर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ प्रदर्शन करना प्रभारी प्राचार्य अमरजीत द्विवेदी को महंगा पड़ गया। मामले की जांच उपरांत जिले के कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के प्रतिवेदन पर शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने सस्पेंड कर दिया है।

मामले में कमिश्‍नर शहडोल संभाग ने प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत, मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) (क) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुये अमरजीत द्विवेदी (उच्च माध्यमिक शिक्षक) माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर, जिला उमरिया (म.प्र.) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में श्री द्विवेदी का मुख्यालय कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य, नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

कमिश्‍नर शहडोल संभाग व्‍दारा अमरजीत व्दिवेदी उच्‍च माध्‍यमिक शिक्षक प्रभारी प्राचार्य माता शबरी कन्‍या शिक्षा परिसर मानपुर को निलंबन के किए जाने पश्‍चात कलेक्‍टर उमरिया धरणेन्‍द्र कुमार जैन ने अरनोद कुमार शुक्‍ला प्रभारी प्राचार्य माता शबरी कन्‍या शिक्षा परिसर उमरिया को आगामी आदेश पर्यन्‍त अपने कार्य के साथ साथ प्राचार्य माता शबरी शिक्षा परिसर मानपुर का अतिरिक्‍त प्रभार सौंपा है ।

विदित हो कि कमिश्‍नर शहडोल को कलेकटर उमरिया द्वारा अवगत कराया गया कि 20 फरवरी 2026 को माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर की करीब 200 छात्राओं द्वारा रोड पर प्रदर्शन करने का वीडियो संज्ञान में आया हुआ है। उक्त प्रदर्शन में छात्राएं काफी आक्रोशित दिखी । घटना की जांच सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला उमरिया द्वारा दल गठित कर 20 फरवरी 2026 को करायी गयी। जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में लेख किया गया कि माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर की छात्राएं प्रभारी प्राचार्य अमरजीत द्विवेदी (उच्च माध्यमिक शिक्षक) के अनैतिक व्यवहार एवं क्रियाकलापों से शुब्द्ध होकर आन्दोलन कर रही थी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *