उमरिया/मानपुर (संवाद)। जिले के मानपुर नगर परिषद में नगरीय निकाय चुनाव के तहत दूसरे चरण यानी 13 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। वही आज को मिलाकर चुनाव प्रचार का समय महज 2 दिन शेष है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवार व उनके समर्थक सहित निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
नगर परिषद मानपुर के गठन के बाद पहली बार हो रहे नगरीय निकाय के चुनाव में सत्ताधारी दल भाजपा के उम्मीदवारों की स्थिति अब सुधरती दिखाई दे रही है। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवारों में 2,3 को छोड़ दें तो बाकी उम्मीदवारों का भगवान ही मालिक है इसके अलावा कई वार्डों से निर्दलीय प्रत्यासियों की स्थिति कुछ बेहतर बताई जा रही है।

इधर मध्यप्रदेश शासन में मंत्री एवं मानपुर क्षेत्र के विधायक सुश्री मीना सिंह ने नगर परिषद मानपुर के पूरे 15 वार्डों की चुनाव प्रचार की कमान संभाली हुई हैं। वे लगातार कई दिनों से चुनावी प्रचार अभियान के तहत पूरे वार्ड के लोगों और मतदाताओं के पास जाकर भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील कर रही हैं। बीते दिन एक चुनावी सभा में मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा कि जिस तरह आप सभी जनता जनार्दन ने मुझे भारी मतों से जिताकर मुझे मंत्री बनने का अवसर दिया था। उसी प्रकार नगर परिषद में भी पूरे 15 वार्डों में भाजपा के पार्षद के उम्मीदवारों को जीता कर नगर परिषद मानपुर में भाजपा का कमल खिलाने में भरपूर सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि मानपुर की सबसे बड़ी समस्या बिजली की है जिसे वे आने वाले समय में जल्द पूरा कराएंगी। इसके अलावा जो भी छोटी,बड़ी समस्याएं है जैसे सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की है तो वह चुनाव संपन्न होने के बाद उन सभी समस्याओं से भी निजात दिलाने का पूरा प्रयत्न करेंगई। उन्होंने कहा कि आप सभी का एक-एक वोट बहुत कीमती है इसलिए मेरी अपील है कि नगर परिषद के चुनाव में पूरे 15 वार्डों से भाजपा के उम्मीदवारों को विजय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष जुटे रणनीति बनाने में

मानपुर नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर जहां चुनाव अंतिम दौर पर है और 13 जुलाई मतदान होना है ऐसे में भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय,महामंत्री दीपक छतवानी,चुनाव प्रभारी चंद्रप्रकाश द्विवेदी, विनय मिश्रा अपनी पूरी टीम के साथ चुनावी रणनीति बनाने जुटे है।वे लगातार मानपुर के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव संबंधी गतिविधियों की जानकारी ले रहे है।
इसके अलावा वार्डों में जाकर भाजपा के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे है। इस बीच उनके द्वारा कई लोंगो को भाजपा की सदस्यता भी दिलाई गई है।